चौपाल संवाद
फतेहपुर। देश को फाइलेरिया मुक्त बनाने हेतु फाइलेरिया उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें फाइलेरिया से बचाव के उपाय एवं लक्षण हेतु लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। फाइलेरिया एक लाइलाज बीमारी है। राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत शनिवार को जनपद में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित आईडीए अभियान अगस्त का शुभारंभ जिलाधिकारी सी. इंदुमती ने सरदार बल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जिलाधिकारी ने स्वयं फाइलेरिया की दवा खाकर नागरिकों से अपील की कि फाइलेरिया की दवा अवश्य खाएं, क्योंकि फाइलेरिया जिसे हाथीपांव भी कहा जाता है, यह एक लाइलाज बीमारी है, जो मच्छर के काटने से होती है। यह बीमारी आम जनमानस को अपाहिज भी कर सकती है। उन्होंने कहा कि खाली पेट दवा न खाएं, दवा खाने से पहले नाश्ता अवश्य करें। विद्यालय की छात्राओं कु. आयशा, कु. हर्षिता, कु. चित्रा को अपने सामने दवा खिलाई। उपस्थित छात्राओं के साथ फोटो व सेल्फी भी ली।
जिला फाइलेरिया अधिकारी डॉ. शहाबुद्दीन ने बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत आईडीए कार्यक्रम जनपद में 10 अगस्त से 02 सितंबर तक मनाया जाएगा, जिसमें जनपद की समस्त आम जनता को फाइलेरिया से बचाव हेतु डीईसी, एल्बेंडाजॉल, आइवरमेक्टिन दवा खिलाई जानी है। फाइलेरिया रोग से प्रभावित अंग सामान्य से ज्यादा मोटा हो जाता है जिसमें अक्सर हाथ, पैर, अंडकोष एवं स्तन प्रभावित होते हैं। फाइलेरिया रोग की रोकथाम के लिए प्रत्येक व्यक्ति को दवा खाना आवश्यक है, तभी फाइलेरिया रोग से व्यक्ति एवं हमारा जनपद मुक्त हो सकता है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्राचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, फाइलेरिया नियंत्रण अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) समेत सहयोगी संस्था के जनपदीय प्रतिनिधि एवं पीसीआई के लोग मौजूद रहे।
ये बरतें सावधानी
फतेहपुर। फाइलेरिया की दवा खाली पेट न खाएं, सभी दवाएं एक साथ खाएं एवं गर्भवती महिला, प्रसवोत्तर महिला (01 सप्ताह), एक वर्ष से कम आयु के बच्चे तथा अति गंभीर रोगी को इस दवा का सेवन नहीं करना है। आह्वान किया गया कि फाइलेरिया अभियान में दवा खाने में सहयोग प्रदान करें, जिससे जनपद को फाइलेरिया रोग से मुक्त किया जा सके। राष्ट्रीय महत्व के इस कार्यक्रम में आपका सहयोग दवा सेवन के रूप में अपेक्षित है।
पहले दिन 417 विद्यार्थियों को खिलाई दवा
फतेहपुर। जिला फाइलेरिया अधिकारी डॉ. शहाबुद्दीन ने बताया कि आईडीए अभियान अगस्त के शुभारंभ के दौरान जनपद के मदर सुहाग इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय अस्ती, प्राथमिक विद्यालय खेलदार एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। शुभारंभ के दौरान 417 विद्यार्थियों को फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन कराया गया।


