बरसात के बाद कराएं नवीनीकरण

सीएम योगी ने दिए निर्देश, पर्वों से पहले 681 प्रमुख मार्गों को बेहतर बनाने पर जोर

लखनऊ, संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बरसात अभी जारी है, इसलिए जहां सड़कें खराब हो गई हैं, वहां फिलहाल उन्हें मोटरेबल बनाया जाए। बारिश समाप्त होने के बाद आवश्यकता के अनुसार सड़कों का स्थायी नवीनीकरण कराया जाए।

शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों में बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होगा। ऐसे में प्रमुख मार्गों पर लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त मार्गों का लगातार सर्वे कराने तथा पर्वों से पहले जरूरी मरम्मत एवं नवीनीकरण के कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

681 प्रमुख मार्ग चिह्नित

आगामी पर्वों को देखते हुए प्रदेश में 681 महत्वपूर्ण मार्ग चिह्नित किए गए हैं। इनमें गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा, नवरात्रि, दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा के दौरान अधिक आवागमन वाले मार्ग शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इन मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त और बेहतर स्थिति में रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि गड्ढामुक्ति अभियान केवल पैचवर्क तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जहां तत्काल मरम्मत की जरूरत है, वहां पहले सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए और बरसात के बाद आवश्यकता के अनुसार स्थायी मरम्मत या नवीनीकरण कराया जाए।

करीब 4.36 लाख किमी मार्ग

बैठक में बताया गया कि प्रदेश के नौ विभागों के अधीन करीब 4.36 लाख किलोमीटर मार्ग हैं। मौजूदा गड्ढामुक्ति अभियान के तहत करीब 50 हजार किलोमीटर सड़कों को बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक करीब 5,751 किलोमीटर मार्गों पर कार्य पूरा किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्कूल, अस्पताल, बाजार और अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।