लालबंगला में ब्रजवासी स्वीट हाउस के पास हुई घटना, पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
चौपाल संवाद
कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के लालबंगला स्थित ब्रजवासी स्वीट हाउस के पास रुपये गिरने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया।
वायरल वीडियो में एक युवक दूसरे युवक को सड़क पर गिराकर उसके चेहरे पर लगातार लातें मारता दिखाई दे रहा है। पीड़ित युवक सड़क पर बेसुध अवस्था में पड़ा नजर आता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटना 28 अक्टूबर की शाम की है। लालबंगला में ब्रजवासी स्वीट हाउस के पास दो युवकों के बीच रुपये गिरने को लेकर कहासुनी हुई थी। बताया गया कि उस समय दोनों नशे की हालत में थे। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने दूसरे को जमीन पर गिरा दिया और उसके चेहरे पर लातों से हमला किया।
घटना का वीडियो किसी राहगीर ने बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई की।
एसीपी कैंट डॉ. प्रियंका बाजपेयी ने बताया कि पीड़ित की ओर से दी गई लिखित शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।