करीब 20 मीटर तक खून से लथपथ दौड़ा युवक, पत्नी ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप; दो आरोपी गिरफ्तार

आज का चौपाल | जिला संवाददाता

उन्नाव। गंगमुरादाबाद में पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद ने बुधवार को खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि पिता और तीन भाइयों ने मिलकर 35 वर्षीय दिलशाद उर्फ पप्पू पर तलवार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल दिलशाद जान बचाने के लिए करीब 20 मीटर तक भागा, लेकिन कुछ ही देर बाद गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की पत्नी ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए लापरवाही के आरोप लगाए।

घटना बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के कस्बा गंगमुरादाबाद के मोहल्ला खत्रियाना की बताई जा रही है। मृतक दिलशाद लोडर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में लंबे समय से मकान और संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।

दो बार पहुंची पुलिस, फिर भी नहीं थमा विवाद

मृतक की पत्नी सूफिया बानो के अनुसार, मंगलवार को वॉशिंग मशीन रखने को लेकर घर में विवाद हुआ था। परिजनों के बीच मारपीट के बाद दिलशाद ने पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर लौट गई। इसके बाद शाम को दोबारा विवाद हुआ और पुलिस को फिर बुलाया गया। आरोप है कि इस बार भी समझाइश के बाद मामला शांत करा दिया गया।

सूफिया बानो का आरोप है कि यदि पुलिस ने पहली शिकायत के समय प्रभावी कार्रवाई की होती तो उसके पति की जान बच सकती थी। पति की मौत के बाद वह आक्रोशित हो गई और करीब आधे घंटे तक शव को उठाने नहीं दिया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच नोकझोंक भी हुई। काफी समझाने के बाद वह शांत हुई, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

कमरे में बंद कर पीटने के बाद तलवार से हमला

बताया गया कि बुधवार सुबह दिलशाद अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मायके पक्ष के एक रिश्तेदार के यहां गया था। वह घर में रखे कपड़े लेने के लिए वापस आया था। पत्नी और बच्चा लोडर में ही बैठे रहे। जैसे ही दिलशाद घर के अंदर पहुंचा, आरोप है कि उसके पिता मुर्तजा ने बेटे शहजाद, एजाज और इरशाद के साथ मिलकर दरवाजा बंद कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

दिलशाद किसी तरह कमरे से निकलकर भागा तो आरोपियों ने तलवार से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दिलशाद करीब 20 मीटर दूर जाकर गिर पड़ा। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

शादी के बाद से चल रहा था संपत्ति विवाद

सूफिया बानो ने बताया कि उसकी और दिलशाद की शादी करीब तीन साल पहले कानपुर देहात के कस्बा रसूलाबाद निवासी परिवार में हुई थी। दोनों ने अपनी पसंद से शादी की थी, जिसे दिलशाद के पिता और अन्य परिजनों की सहमति नहीं थी। शादी के बाद से ही संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर विवाद बना हुआ था।

परिजनों के मुताबिक, करीब दो वर्ष पहले पिता मुर्तजा ने दिलशाद को चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया था। यही विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और आखिरकार हत्या की वजह बन गया। मृतक की मां और एक बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है।

पिता और दिव्यांग भाई गिरफ्तार

मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने पिता मुर्तजा समेत तीन भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी पिता मुर्तजा और दिव्यांग भाई इरशाद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

घटना की सूचना पर सीओ हर्ष मोदी और कोतवाली प्रभारी अखिलेशचंद्र पांडेय ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद मृतक के सुल्तानपुर निवासी बहनोई दिलाशाद के पुत्र पीरू से भी पूछताछ की है।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पत्नी की तहरीर के आधार पर मृतक के पिता और तीन भाइयों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के पीछे पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे का विवाद सामने आया है।