नई दिल्ली | एजेंसी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने अग्निवीरों के लिए दो साल के अतिरिक्त सेवा अवसर को मंजूरी दे दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे सेना में सुधार और भविष्य की चुनौतियों से निपटने की तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में अग्निवीरों के लिए ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ को मंजूरी दी गई।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस फैसले से अग्निवीरों को शुरुआती सेवा अवधि के बाद भी सशस्त्र बलों से जुड़े रहने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह केवल भर्ती नीति नहीं है, बल्कि बदलते युद्ध के स्वरूप के अनुरूप भारतीय सेना को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सरकार के फैसले के अनुसार, 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा अवसर मिलेगा। इसके बाद चयन के आधार पर नियमित सेवा का अवसर दिया जाएगा।

हालांकि, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने अग्निवीरों की सुविधाओं और स्वास्थ्य बीमा को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने इस फैसले को चुनाव से जोड़ते हुए सरकार की आलोचना की है।

सरकार का कहना है कि इस पहल से सेना को युवा, फिट और तकनीकी रूप से सक्षम बनाए रखने में मदद मिलेगी।