नई दिल्ली | एजेंसी

नई दिल्ली। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खुली बहस करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को संसद में बहस की शुरुआत करनी चाहिए, प्रधानमंत्री हर सवाल का जवाब देंगे।

हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा करते हुए राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि वे विपक्ष के नेता हैं और चर्चा के लिए संसद सबसे उपयुक्त मंच है।

सरमा ने कहा कि संसद में स्पीकर, राहुल गांधी की मां और उनकी बहन भी मौजूद हैं। ऐसे में बहस संसद में आसानी से हो सकती है।

उन्होंने कहा कि बोफोर्स से लेकर भोपाल गैस त्रासदी तक कई मुद्दों पर चर्चा की जा सकती है। राहुल गांधी को इस बार संसद में शांतिपूर्ण और सार्थक बहस करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को लोगों को सड़कों पर उतारने के बजाय संसद में अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से अपील की कि वे हमेशा ‘एंग्री यंग मैन’ की भूमिका न निभाएं और एक जिम्मेदार राजनेता की तरह बहस करें।