बोले- आतंकवाद के खिलाफ भारत एकजुट और दृढ़, जवानों का बलिदान देश के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकता
नई दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद की कोई भी घटना देश की रक्षा करने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शांति बनाए रखने के भारत के सामूहिक संकल्प को कमजोर नहीं कर सकती। भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट और दृढ़ है।
खरगे ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए दोनों पुलिसकर्मियों की हत्या पर दुख जताया। यह घटना कुलगाम जिले में आतंकवादी हमले में तीन सीआरपीएफ जवानों के घायल होने के एक दिन बाद हुई है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दोनों एसपीओ के साहस और बलिदान को नमन करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वह शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
जंगल में लापता हुए थे दोनों पुलिसकर्मी
किश्तवाड़ जिले के दूरदराज दच्छन इलाके में बुधवार से लापता दोनों एसपीओ के गोलियों से छलनी शव गुरुवार सुबह बरामद किए गए। उनकी पहचान 57 वर्षीय बाबू चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है।
दोनों पुलिसकर्मी दच्छन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के साथ तैनात थे। बुधवार को वे अपने शिविर से धरना-मरवाह स्थित सेना की चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे लापता हो गए थे।
किश्तवाड़ की विधायक शगुन परिहार ने भी दोनों पुलिसकर्मियों की हत्या पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि दोनों के शव गुरुवार सुबह करीब आठ और नौ बजे बरामद किए गए।
विधायक ने कहा कि दक्षिणी क्षेत्र के दो एसपीओ की हत्या की घटना बेहद दुखद है। दोनों बुधवार रात से लापता थे और गुरुवार सुबह उनके शव मिले।
आतंकवाद के पुराने नेटवर्क पर उठे सवाल
इस बीच, जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने भी दोनों हत्याओं को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आतंकवाद को समर्थन देने वाला पुराना नेटवर्क पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि आतंकवादियों ने दूरदराज के दच्छन इलाके के घने जंगल से गुजरते समय दोनों पुलिसकर्मियों का अपहरण किया था। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को समर्थन देने वाले तंत्र के कुछ हिस्से अब भी क्षेत्र में मौजूद हैं।
सुनील शर्मा के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में धीरे-धीरे शांति स्थापित होने के बावजूद आतंकवादी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं।


