भारतीय संगीत में उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियां हमेशा याद रखेंगी
मुंबई, एजेंसी। महान गायिका लता मंगेशकर की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अद्वितीय संगीत योगदान को याद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय संगीत की दुनिया में लता मंगेशकर का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए भी स्मरणीय रहेगा।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर दिवंगत गायिका को याद किया। उन्होंने लिखा कि अपनी दिव्य गायन प्रतिभा से दुनिया में देश का नाम रोशन करने वाली आदरणीय लता दीदी को उनकी जयंती पर सादर नमन।
प्रधानमंत्री ने कहा कि लता मंगेशकर ने अपनी मधुर आवाज से भारतीय संगीत को समृद्ध किया और देश की सांस्कृतिक पहचान को दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके गीतों ने कई पीढ़ियों को प्रभावित किया और भारतीय संगीत जगत में उनकी विशिष्ट पहचान कायम की।
लता मंगेशकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच आत्मीय संबंध भी रहे थे। प्रधानमंत्री ने उनके निधन के बाद भी कई अवसरों पर उनके योगदान को याद किया है। जयंती के अवसर पर उनके प्रशंसकों और संगीत जगत से जुड़े लोगों ने भी महान गायिका को श्रद्धांजलि अर्पित की।


