सब्सिडी से लेकर ऑनलाइन पंजीकरण तक मिलेगी जानकारी, तीन हेल्प डेस्क पर करा सकेंगे आवेदन
कानपुर। संवाददाता। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति उपभोक्ताओं को जागरूक करने और अधिक से अधिक घरों में सोलर रूफटॉप संयंत्र लगवाने के उद्देश्य से केस्को की ओर से शहर में सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र लगाने की प्रक्रिया, सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी, ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
केस्को के मीडिया प्रभारी देवेंद्र वर्मा ने बताया कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर हेल्प डेस्क लगाए जा रहे हैं। उपभोक्ता इन केंद्रों पर पहुंचकर योजना की पूरी जानकारी लेने के साथ पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया भी पूरी करा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर को देहली सुजानपुर हेल्प डेस्क, 12 अक्टूबर को नौबस्ता हेल्प डेस्क और 15 अक्टूबर को केशवपुरम हेल्प डेस्क पर सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा के फायदे और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी देना है।
जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे
हेल्प डेस्क पर पंजीकरण और आवेदन कराने के लिए उपभोक्ताओं को कुछ आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। इनमें आधार कार्ड, बिजली का बिल और बैंक पासबुक प्रमुख रूप से शामिल हैं। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि शिविर में पहुंचते समय सभी जरूरी दस्तावेज साथ लेकर आएं, ताकि आवेदन की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।
बिजली खर्च कम करने में मददगार योजना
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छत पर सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने को बढ़ावा दिया जा रहा है। सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से उपभोक्ताओं को बिजली के खर्च में राहत मिलने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा। केस्को की ओर से आयोजित किए जा रहे सेवा शिविरों के जरिए उपभोक्ताओं को योजना की शर्तों, पंजीकरण प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में सीधे जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है।
केस्को अधिकारियों के मुताबिक इच्छुक उपभोक्ता निर्धारित तिथियों पर संबंधित हेल्प डेस्क पर पहुंचकर योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
