गिलौली गांव में चार किसानों के खेतों में कराया गया फसल कटाई प्रयोग, उपज का किया गया परीक्षण

चौपाल संवाददाता

गोण्डा। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम गिलौली में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में धान की पैदावार का आकलन करने के लिए क्रॉप कटिंग प्रयोग कराया गया। इस दौरान चार किसानों के खेतों में निर्धारित क्षेत्रफल में धान की कटाई कराकर प्राप्त उपज का परीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर क्रॉप कटिंग प्रक्रिया का निरीक्षण किया और उपज का आकलन कराया।

क्रॉप कटिंग के दौरान कृषक रमपता पत्नी वासुदेव के गाटा संख्या 172 में 43.30 वर्ग मीटर क्षेत्रफल से 28.600 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। वहीं, कृषक राम औतार पुत्र राम अवध के गाटा संख्या 252 में इसी क्षेत्रफल से 32.400 किलोग्राम, कृषक अर्जुन प्रसाद पुत्र बदलू के गाटा संख्या 253 से 17.250 किलोग्राम तथा कृषक सुरेश कुमार पुत्र गंगा राम के गाटा संख्या 517 से 20.560 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में सभी क्रॉप कटिंग प्रयोग पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुसार कराए जाएं, ताकि धान की औसत उपज का सटीक आकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोग कृषि उत्पादन की वास्तविक स्थिति का पता लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके माध्यम से फसलों की औसत उपज का निर्धारण किया जाता है, जिससे कृषि संबंधी योजनाओं और फसल बीमा योजना के तहत किसानों को मिलने वाले लाभों की गणना में मदद मिलती है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्रॉप कटिंग के दौरान सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे प्राप्त आंकड़े विश्वसनीय हों और किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद में धान की वास्तविक उत्पादकता का आकलन करना तथा कृषि उत्पादन से संबंधित आंकड़ों को अधिक सटीक बनाना था। इन आंकड़ों के आधार पर किसानों के हित में संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता मिलती है।

इस अवसर पर तहसीलदार सदर मनीष कुमार, नायब तहसीलदार शिवली सिंह, अपर सांख्यिकीय अधिकारी योगेंद्र प्रसाद चौहान, संबंधित ग्राम के लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, ग्राम प्रधान तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।