कानपुर, संवाददाता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में किसान, गरीब, नौजवान और महिलाएं परेशान हैं। ब्लॉक से लेकर तहसील स्तर तक बिना रिश्वत के सरकारी काम नहीं हो रहे हैं।

डेरापुर क्षेत्र के उदनापुर में आयोजित सम्मान समारोह में शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी को मजबूत करने और एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। सपा जिला सचिव हिम्मत सिंह यादव के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और महंगाई तथा बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने बिजली की दरें बढ़ाने और छापेमारी के नाम पर लोगों को परेशान करने का आरोप भी लगाया। शिवपाल यादव ने राम मंदिर के चंदे को लेकर भी सवाल उठाए और जनता से जुटाए गए धन के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया।

आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण को लेकर उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों का फैसला सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सभी से विचार-विमर्श करने के बाद करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाएगी, सभी एकजुट होकर उसे जिताने के लिए काम करेंगे।

कार्यक्रम में इटावा के सांसद जितेंद्र सिंह दोहरे, पूर्व एमएलसी दिलीप सिंह यादव उर्फ कल्लू यादव, सपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार उर्फ बबलू यादव सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।