भारतीय किसान यूनियन की विशाल ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकली

खागा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में गुरुवार को विशाल ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व युवा जिलाध्यक्ष एडवोकेट विवेक सिंह ने किया। यात्रा में खागा तहसील अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह, युवा किसान नेता शशांक सारस्वत, अंकित यादव, शिवम विश्वकर्मा सहित भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। यात्रा प्रेमनगर से शुरू होकर खागा तहसील तक निकाली गई। बड़ी संख्या में किसानों ने ट्रैक्टरों और बाइकों पर तिरंगा लेकर यात्रा में भाग लिया। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और किसानों के सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा में उमड़ी भीड़ ने कार्यक्रम को भव्य बना दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों और युवाओं की सहभागिता रही।