नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दिल्ली में छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर गृह मंत्री को संसद में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
संसद में केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध का समाधान निकलता नजर नहीं आ रहा है। इस बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह को माफी मांगनी पड़ेगी।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अंदर संसद में आकर जवाब देने की हिम्मत नहीं है।” उन्होंने अमित शाह से सवाल किया कि छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों पर पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर अमित शाह को संसद में जवाब देना चाहिए।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर भी चर्चा की मांग
राहुल गांधी ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा कि विपक्ष संसद में इस विषय पर चर्चा चाहता है।
राहुल गांधी ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह में संसद में आकर विपक्ष के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं है। पिछले 15 दिनों में उन्होंने यही दिखाया है। उन्होंने कहा कि न तो नरेंद्र मोदी और न ही अमित शाह में इतनी हिम्मत है।
राहुल गांधी ने कहा कि किसी को उनकी राय में दिलचस्पी नहीं है। विपक्ष सिर्फ यह जानना चाहता है कि गोली चलाने का आदेश किसने दिया। उन्होंने कहा कि अगर गृह मंत्री ने आदेश नहीं दिया, तो गृह मंत्रालय में किसने आदेश दिया, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।
उन्होंने सवाल किया कि क्या यह गलती है या अक्षमता?
