नांदेड, एजेंसी। महाराष्ट्र के नांदेड में गुरुद्वारे के पास एक निहंग ने पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल पर हमला किया है। उनके हाथ में चोट आई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बादल के साथ उनके समर्थक भी अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
शिरोमणि अकाली दल के नेता और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड में हमले की खबर सामने आ रही है। बादल पर नांदेड के एक गुरुद्वारे में निहंग ने हमला किया। हमले में उनके हाथ में चोट लगी है। उन्हें यशोमती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नांदेड पुलिस ने यह जानकारी दी।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की पत्नी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
पुलिस के मुताबिक, बादल पर एक गुरुद्वारे के पास हमला हुआ। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में बादल एक इमारत के अंदर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके दाहिने हाथ पर कपड़ा बंधा हुआ है।
हमला नांदेड के गुरुद्वारा माता साहिब कौर में हुआ। बताया जा रहा है कि बादल के एक सुरक्षाकर्मी संतोष केंद्रे पर भी हमला किया गया। शुरुआती जानकारी में सुखबीर बादल पर कृपाण से हमला होने की बात सामने आई है।
पत्नी के साथ तख्त श्री हजूर साहिब गए थे सुखबीर बादल
सुखबीर बादल हमले से पहले अपनी पत्नी हरसिमरत कौर बादल के साथ नांदेड के तख्त श्री हजूर साहिब गए थे। हरसिमरत कौर बादल अकाली दल की सांसद हैं। हमला सुबह करीब 11 बजे हुआ।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हमले के मामले में नांदेड के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से जानकारी मांगी है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने पुष्टि की है कि इस मामले में एक व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार किया गया है और हमले के पीछे की मंशा की जांच करने के आदेश दिए गए हैं।

