मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की सराहना की, कहा— आत्मनिर्भरता, नवाचार और विकास के नए मानक स्थापित कर रहा भारत
लखनऊ, संवाददाता। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी आर्थिक शक्ति का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और आत्मनिर्भरता, नवाचार तथा विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है।
वाराणसी में भारतीय वायुसेना के एयर शो में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की आर्थिक प्रगति और विकास कार्यों का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी आर्थिक ताकत को नई पहचान दी है। उनके मुताबिक, देश आत्मनिर्भरता और नवाचार के साथ विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
जनकल्याण और आत्मनिर्भरता पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ नए भारत में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हुई हैं। नीति-निर्माण के केंद्र में आम जनता को स्थान मिला है और गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने अंत्योदय को आत्मनिर्भरता का आधार बताते हुए कहा कि जनभागीदारी विकास को जनआंदोलन का रूप दे रही है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि नए भारत में सामाजिक न्याय, महिला सशक्तीकरण, डिजिटल नवाचार और आर्थिक समृद्धि की संभावनाएं साकार हो रही हैं। उन्होंने कहा कि विकास की यह यात्रा लोगों की आकांक्षाओं को अवसरों में बदलते हुए देश की क्षमता का विस्तार कर रही है।
विपक्षी दलों पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक ताकतें सत्ता के हितों के लिए देश में अस्थिरता, अराजकता और अलगाववाद को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि जब दुनिया के कई हिस्से हिंसा और अस्थिरता से जूझ रहे हैं, तब भारत लोकतांत्रिक स्थिरता, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक चेतना के साथ आगे बढ़ रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की प्रगति और विकास के लिए जनभागीदारी, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
