‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ के तहत तीन राज्यों में 38 स्थानों पर छापेमारी, 18 लोग गिरफ्तार
नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बताया कि सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों ने असम, मिजोरम और मणिपुर में 38 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 1,424 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया। अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ की सराहना की और इसे अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताया।
गृह मंत्री के अनुसार, शुक्रवार को चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य भारत, म्यांमार और बांग्लादेश में सक्रिय एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल के नेटवर्क को ध्वस्त करना था। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सरकार की कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक इस अवैध कारोबार में शामिल नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त नहीं कर दिया जाता।
अमित शाह ने बताया कि अभियान के दौरान करीब 100 करोड़ रुपये के हवाला लेनदेन का पता चला है। इसके अलावा 1,782 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान 500 डेटोनेटर और 12 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। इन बरामदगी और वित्तीय लेनदेन की जांच के माध्यम से तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों तथा उनकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
तीन देशों में फैला था तस्करी का नेटवर्क
गृह मंत्री के मुताबिक, यह नेटवर्क ‘डेथ ट्रायंगल कॉरिडोर’ के जरिए भारत, म्यांमार और बांग्लादेश की सीमाओं के पार नशीले पदार्थों की तस्करी करता था। एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य इस नेटवर्क की आपूर्ति शृंखला, वित्तीय लेनदेन और इससे जुड़े लोगों पर शिकंजा कसना है।
उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार युवाओं और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के लिए केंद्र सरकार विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत कर रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई के साथ-साथ अवैध धन के स्रोतों की पहचान करना भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
2029 तक ड्रग नेटवर्क खत्म करने का संकल्प
अमित शाह ने कहा कि यह अभियान 31 दिसंबर 2029 तक देश में ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के सरकार के संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने दोहराया कि नशीले पदार्थों की तस्करी और इससे जुड़े अवैध वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
