जीटी रोड पर नारामऊ के पास हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम
कानपुर, संवाददाता। कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में नारामऊ के पास जीटी रोड पर शनिवार रात उल्टी दिशा से आ रही जेसीबी की टक्कर से स्कूटी सवार बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र मोहम्मद मोशीन फारूकी (19) की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त सलमान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नारामऊ और जयपुरिया स्कूल के बीच रात करीब नौ बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, दोनों दोस्त परेड क्षेत्र में कॉलेज की किताबें खरीदने गए थे। वहां से स्कूटी से अपने गांव शिवराजपुर के विकास नगर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी स्कूटी सामने से उल्टी दिशा में आ रही जेसीबी की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मोहम्मद मोशीन फारूकी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सलमान का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
परिवार में मचा कोहराम
छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के अनुसार, मोशीन के पिता मोहम्मद नसीम कबाड़ का कारोबार करते हैं। परिवार में मोशीन के अलावा यासीन और एक छोटा भाई है। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज के अनुसार, तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
