गंभीर हालत में घायल वृद्ध की मौत, शव रखकर ग्रामीणों ने बेला रोड किया जाम

चौबेपुर के बेला रोड स्थित घिन्नीपुरवा गांव में शौच के लिए गए एक बुजुर्ग को अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हादसे के बाद चालक और क्लीनर ने ट्रक खड़ा कर घायल बुजुर्ग को उठाकर गहरे पानी में फेंक दिया। काफी देर तक पानी में पड़े रहने के कारण उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बुजुर्ग की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को बेला रोड पर रखकर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। जाम खुलने के बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।