लखनऊ, संवाददाता। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुनकरों को ‘संत कबीर राज्यस्तरीय हथकरघा पुरस्कार’ से सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए तंज कसा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “कुछ लोग जीवनभर बच्चे ही बने रहते हैं। बबुआ भी यही करते थे। वह दोपहर 12 बजे सोकर उठते थे, दो बजे तैयार होते थे और शाम पांच बजे तक जिम जाने का समय हो जाता था। शाम सात बजे महफिल सज जाती थी। देश-प्रदेश के बारे में सोचने के लिए उनके पास समय ही कहां होता था। प्रदेश की कानून-व्यवस्था की हालत यह थी कि महिलाओं को सबसे बड़ा खतरा इन्हीं सपाइयों से था।”
मुख्यमंत्री शुक्रवार को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब सरकारें प्रदेश के विकास के लिए काम करती हैं तो उसका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचता है।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी राष्ट्रीय हथकरघा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत और बुनकरों की अद्भुत प्रतिभा को नमन करने का अवसर है। उन्होंने बताया कि लखनऊ में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट बुनकरों को ‘संत कबीर राज्यस्तरीय हथकरघा पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान ‘मुख्यमंत्री हैंडलूम एवं पावरलूम उद्योग विकास योजना’ तथा ‘झलकारी बाई कोरी हथकरघा एवं पावरलूम विकास योजना’ के लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। साथ ही अंबेडकरनगर जिले की 706 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र और चेक भी वितरित किए गए।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार हुनरमंद हाथों को आधुनिक संसाधन, बाजार और सम्मान उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
