कानपुर। काकादेव थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर में मंगलवार दोपहर एक कैटरिंग कारीगर ने सूने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काम से लौटी मां ने बेटे का शव फंदे से लटकता देखा तो चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

सर्वोदय नगर में रेव मोती मॉल के सामने रहने वाले कैटरिंग कारीगर अभिषेक गौतम (30) ने मंगलवार दोपहर घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने काम से बाहर गए थे। दोपहर में मां उर्मिला घर पहुंचीं तो इकलौते बेटे का शव फंदे पर लटका देखकर चीख-पुकार मच गई।

परिजनों के मुताबिक अभिषेक कैटरिंग का काम करता था। परिवार में पिता रामबाबू, मां उर्मिला और बहनें गुड़िया व दीपाली हैं। मंगलवार को सभी लोग काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अभिषेक ने घर में फंदा लगा लिया।

सूचना मिलने पर काकादेव इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस परिजनों से पूछताछ कर अभिषेक के इस कदम के कारणों का पता लगाने में जुटी है। हालांकि अभी तक परिजन उसकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं बता सके हैं।