YEIDA क्षेत्र में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से बनेगा ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

लखनऊ, संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है। प्रदेश में यदि बुलडोजर और ट्रैक्टर का निर्माण होगा तो इनकी मांग केवल देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज की जगह कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति ने प्रदेश को निवेश के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाया है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की ग्राउंडब्रेकिंग सेरेमनी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। इस परियोजना में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा। करीब 100 एकड़ में विकसित होने वाले इस प्लांट से हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

जेवर को बताया भारत का गहना

मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र की पहचान कभी अपराध और अराजकता के रूप में होती थी, आज वही जेवर निवेश के सर्वोत्तम गंतव्यों में शामिल हो रहा है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यीडा क्षेत्र के विकास से पूरा इलाका औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि यहां एचसीएल-फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी बड़ी परियोजनाएं आकार ले रही हैं। आने वाले समय में जेवर देश के औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा।

2017 के बाद बदली प्रदेश की तस्वीर

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के सामने पलायन, पिछड़ापन, अराजकता और पहचान का संकट जैसी चुनौतियां थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज प्रदेश उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ा है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने अपनी अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि कभी बीमारू राज्यों में गिना जाने वाला उत्तर प्रदेश आज देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। डीरेगुलेशन के मामले में प्रदेश को देश में पहला स्थान मिला है। राज्य एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

साढ़े नौ वर्षों में मिले 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। वहीं, आगामी इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 7.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंडब्रेकिंग की तैयारी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच गई है, जबकि स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो चुकी है।

ट्रैक्टर बाजार में यूपी की 18.5 प्रतिशत हिस्सेदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनएच इंडस्ट्रियल का यह प्लांट कृषि मशीनीकरण और आधुनिक विनिर्माण को नई गति देगा। भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। ऐसे में इस परियोजना से प्रदेश की औद्योगिक क्षमता बढ़ने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि नए औद्योगिक निवेश से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख विनिर्माण केंद्रों में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा।