सात बोरों में भारी मात्रा में पटाखे बरामद, करीब 20.50 लाख रुपये की बस व पटाखे जब्त
आज का चौपाल | जिला संवाददाता
लवकुशनगर, छतरपुर। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्री वाहनों में ज्वलनशील सामग्री और पटाखों के अवैध परिवहन के खिलाफ छतरपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। लवकुशनगर थाना पुलिस ने सतना जा रही एक यात्री बस की जांच के दौरान बस की छत पर रखे सात बोरों में भरे भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए। पुलिस ने बस कंडक्टर को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक छतरपुर रजत सकलेचा ने यात्री वाहनों में ज्वलनशील सामग्री एवं पटाखों के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पुलिस द्वारा लगातार यात्री वाहनों की जांच की जा रही है।
इसी दौरान लवकुशनगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि लवकुशनगर से सतना जा रही एक यात्री बस में अवैध रूप से पटाखों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बगमऊ तिगैला स्थित टोल टैक्स प्लाजा के पास सतना जा रही बस को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान बस की छत पर सात बोरे रखे मिले। बोरों को खोलकर देखा गया तो उनमें बड़ी मात्रा में पटाखे भरे हुए थे।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार सामने आया कि बस कंडक्टर इशाक मोहम्मद पिता अकबर मोहम्मद निवासी बमीठा अधिक भाड़ा कमाने के लालच में पटाखों का अवैध परिवहन कर रहा था। पुलिस ने सात बोरों में रखे पटाखों के साथ परिवहन में इस्तेमाल यात्री बस को भी जब्त किया है। बरामद सामग्री और बस की कुल अनुमानित कीमत करीब 20 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के बाद बस में सवार यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस ने उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने की आवश्यक व्यवस्था की।
पुलिस ने मामले में बस कंडक्टर इशाक मोहम्मद तथा बस में पटाखे रखवाने वाले आरोपी बालकिशन कुशवाहा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी बालकिशन कुशवाहा फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले एवं एसडीओपी लवकुशनगर नितेश पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिवेंद्र त्रिवेदी, उप निरीक्षक ज्ञान सिंह, उप निरीक्षक जे.पी. बागरी, सहायक उप निरीक्षक कमला सिंह, प्रधान आरक्षक सूर्य प्रकाश बाजपेई, आरक्षक हृदेश, बलराम, देव सिंह, अनिल, सूरज, ब्रजराज एवं रामनिवास साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
