औरैया अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के मुरादगंज कस्बे में शनिवार दोपहर एक मिठाई की दुकान के गोदाम में अचानक सिलिंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया। हादसे में गोदाम में काम कर रहे चार कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना तेज था कि बेसमेंट की छत का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और मलबा करीब 50 फीट दूर तक जा बिखरा। गोदाम की पहली मंजिल पर लगा टीन शेड भी धमाके की चपेट में आकर उड़ गया।

मुरादगंज चौराहे पर मनोज पोरवाल उर्फ छुन्ना की मिठाई की दुकान है। शनिवार दोपहर करीब एक बजे दुकान के पास स्थित गोदाम के बेसमेंट में चार कर्मचारी सामान निकाल रहे थे। इसी दौरान वहां रखे सिलिंडरों में से एक अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज करीब 500 मीटर दूर तक सुनाई दी। अचानक हुए विस्फोट से कस्बे में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

चार कर्मचारी गंभीर घायल

हादसे में ईलू पुत्र सज्जन (18), विपिन पुत्र किशनलाल (22), अतुल पुत्र किरोतीलाल (19) और गौरव पुत्र दीपु (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दुकानदार ने एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय निजी वाहन से चारों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस-फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

विस्फोट की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, सीओ अजीतमल शैलेन्द्र सिंह, कोतवाल विनोद कुमार समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने बताया कि सिलिंडर फटने की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची थी। घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है। विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।