नई दिल्ली, एजेंसी। राहुल गांधी का प्रयागराज में प्रस्तावित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम रद्द होने पर उन्होंने भाजपा सरकार पर छात्रों और युवाओं की आवाज दबाने का गंभीर आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों की फीस वृद्धि व सीट कटौती के विरोध को रोकने के लिए प्रशासन उनके कार्यक्रम को बाधित कर रहा है, लेकिन वे छात्रों के साथ खड़े रहेंगे।

प्रयागराज में “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम के लिए जगह देने वाले ट्रस्ट ने अनुमति रद्द कर दी, जिसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि भाजपा सरकार चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, वह उन्हें छात्रों की आवाज उठाने से नहीं रोक सकती।

विपक्ष के नेता का यह बयान तब आया, जब कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए उनके “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी। यह कार्यक्रम 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में होना था। ट्रस्ट ने कार्यक्रम रद्द करने के लिए आयोजन स्थल पर जलभराव का भी हवाला दिया।

राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र फीस वृद्धि और सीट कटौती के खिलाफ अपने भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं। लेकिन प्रशासन छात्रों को सुनने के बजाय उन पर एफआईआर कर रहा है।

उन्होंने कहा, “मोदी सरकार की नीति ही युवाओं की आवाज दबाना है। सवाल पूछो तो लाठी, विरोध करो तो मुकदमे और आवाज उठाओ तो पेलेट गन।”

राहुल गांधी ने कहा कि जब उन्होंने छात्रों की बात सुनने के लिए प्रयागराज आने का फैसला किया, तब से प्रशासन उनके कार्यक्रम को हर संभव तरीके से रोकने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने कहा, “साफ है, उन्हें छात्रों की गूंज से भी डर लग रहा है। मैं छात्रों के साथ हूं। सरकार चाहे जितनी कोशिश कर ले, मुझे छात्रों की आवाज उठाने से नहीं रोक सकती।”

प्रयागराज के केपी ग्राउंड में 8 अगस्त को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम “छात्रों की गूंज” के लिए अनुमति रद्द किए जाने के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष 8 अगस्त को प्रयागराज आएंगे और छात्रों से संवाद करेंगे।

प्रयागराज में देर शाम राय ने पत्रकारों से कहा कि यह शहीदों और प्रतियोगी छात्रों की धरती है और यहां शुरू से ही प्रतियोगी छात्र अपना भविष्य तलाशते रहे हैं। राहुल गांधी 8 अगस्त को यहां आएंगे और बच्चों से संवाद करेंगे।