मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गोली लगने से घायल, बोलेरो कार और नकदी समेत असलहे बरामद
चौपाल संवाद, फतेहपुर, 18 अगस्त। देवमई थाना क्षेत्र के नहर पुलिया के रास्ते के पास बकेवर थाना पुलिस और क्राइम डिटेक्शन की संयुक्त टीम ने रात में बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में बड़ी सफलता हासिल की। मुठभेड़ के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान थाना स्थानीय पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 101/2026, धारा 331(4)/305 बीएनएस थाना बकेवर, मुकदमा अपराध संख्या 72/2026, धारा 331(4)/305 बीएनएस थाना औंग तथा मुकदमा अपराध संख्या 75/2026, धारा 303 बीएनएस थाना औंग में प्रकाश में आए आरोपी रफीक पुत्र सतीक निवासी कछेवरा, थाना जहानाबाद, जनपद फतेहपुर, उम्र करीब 45 वर्ष, के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया।
पुलिस टीम ने मौके से भाग रहे आरोपी नसीम पुत्र सत्तार उर्फ भुल्ली निवासी तेजानगर, थाना जहानाबाद, जनपद फतेहपुर, उम्र करीब 25 वर्ष और जावेद पुत्र नफीस निवासी तेजानगर, थाना जहानाबाद, जनपद फतेहपुर, उम्र करीब 22 वर्ष को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार एवं घायल आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो खोखा कारतूस .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस .315 बोर, घटना में प्रयुक्त एक सफेद बोलेरो कार, 12,500 रुपये नकद, एक लोहे की रॉड और जामा तलाशी में चार मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बकेवर समेत अन्य थानों में दर्ज मुकदमों के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को अब तक मिली जानकारी के अनुसार आरोपी रफीक के खिलाफ जनपद फतेहपुर के विभिन्न थानों समेत अन्य जनपदों में 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटा रही है।