फिटनेस और परमिट के बिना स्कूली वाहनों का संचालन न हो
चौपाल संवाद, फतेहपुर, 18 अगस्त। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने एआरटीओ को निर्देशित किया कि अभियान चलाकर विद्यालयों के ऐसे वाहनों का संचालन पूरी तरह रोका जाए, जिनके पास परमिट और फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की संस्तुति करने के निर्देश दिए गए। वाहनों में अनधिकृत रूप से लगाए गए हूटर, साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यालय वाहन सुरक्षा समिति की बैठक नियमित रूप से कराने और छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। एआरटीओ को कार्ययोजना तैयार कर विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने तथा यातायात से संबंधित क्विज और निबंध प्रतियोगिताएं कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि ई-रिक्शा में मानक के अनुरूप ही सवारियां बैठाई जाएं। निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। मालवाहक वाहनों में सवारियां बैठाए जाने पर भी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समिति के सदस्यों की ओर से प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर नियमानुसार कार्रवाई कर उन्हें अमल में लाने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को वाहन चालकों की आंखों की जांच के लिए शिविर आयोजित कराने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बिना नंबर प्लेट के दोपहिया वाहनों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर एआरटीओ को भेजने को कहा गया, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को हाईवे से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों पर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर, टेबल टॉप और साइनेज लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने एआरटीओ और पुलिस विभाग को प्रवर्तन की कार्रवाई संवेदनशीलता के साथ प्रभावी ढंग से करने को कहा।
