24 घंटे की पुलिस कस्टडी में होगी पूछताछ, पति सुब्रत से कराया जाएगा आमना-सामना
कानपुर। दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में सीएमएम कोर्ट ने मुख्य आरोपी बहू शालू मिनोचा, नौकर विशाल और राजकुमार की 24 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर कर ली है। रिमांड अवधि बुधवार दोपहर 12 बजे से शुरू होकर गुरुवार दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।
पुलिस कस्टडी मिलते ही कमिश्नरेट की जांच टीम ने पूछताछ की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस शालू मिनोचा और उसके संदिग्ध पति सुब्रत को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी। अधिकारियों के मुताबिक हत्या के पीछे की वजह, पैसों के लेनदेन और साक्ष्यों को मिटाने के प्रयासों को लेकर दोनों के बयानों का मिलान कराया जाएगा।
पति सुब्रत से होगा आमना-सामना
पुलिस का मानना है कि मामले की कई महत्वपूर्ण कड़ियां सुब्रत के बयान से जुड़ी हैं। इसी वजह से शालू और सुब्रत को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करने की तैयारी है। जांच टीम हत्या की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी जानकारी जुटाएगी।
वहीं, शालू के वकील की ओर से अदालत में कलमबंद बयान दर्ज कराने के लिए दी गई अर्जी को कोर्ट ने खारिज कर दिया है।
सुपारी देकर हत्या का आरोप
गौरतलब है कि दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की उनके कल्याणपुर स्थित रतन ऑर्बिट फ्लैट में घुसकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के अगले दिन पुलिस ने मुठभेड़ के बाद शूटर विशाल गौतम और उसके साथी राजकिशोर को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के मुताबिक दोनों शूटरों ने पूछताछ में कथित तौर पर कबूल किया था कि उन्होंने शालू के कहने और सुपारी मिलने पर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद शालू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
सुब्रत की भूमिका की भी जांच
मामले में मृतक के पति सुब्रत की भूमिका की भी पुलिस गहन जांच कर रही है। अब शालू की 24 घंटे की कस्टडी रिमांड के दौरान पुलिस हत्या से जुड़े सभी पहलुओं और आरोपों की कड़ियां जोड़ने का प्रयास करेगी।


