चौपाल संवाद
फतेहपुर, 13 अगस्त। शहर के आबूनगर में संचालित बहादुर पाल नर्सिंग होम में बुधवार को एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर क्षेत्रीय पुलिस और एसीएमओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने नर्सिंग होम को सील कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार खागा क्षेत्र के मकदूमपुर निवासी अनूप कुमार की पत्नी पूनम देवी को प्रसव कराने के लिए बहादुर पाल नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। रात में डॉक्टर ने परिजनों को महिला की हालत नाजुक बताते हुए ऑपरेशन की बात कही। परिजनों की सहमति के बाद रात में ऑपरेशन किया गया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि रात में मरीज को किसी प्रकार का ब्लड नहीं चढ़ाया गया। सुबह डॉक्टरों ने महिला का हीमोग्लोबिन कम बताते हुए ब्लड चढ़ाने की बात कही। परिजनों के मुताबिक ब्लड चढ़ाने के दौरान करीब आधी बोतल के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और उसके हाथ-पैर अकड़ने लगे। अस्पताल में काम करने वाली आया ने मरीज की हालत गंभीर देख तुरंत ऑक्सीजन लगाई और स्टाफ को इसकी जानकारी दी। परिजनों को पहले ही मरीज की हालत गंभीर होने की सूचना दिए जाने के बाद वहां मौजूद स्टाफ नर्स ने कथित तौर पर आया का गला पकड़ लिया और मरीज को मेडिकल कॉलेज, अल्लीपुर के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक अस्पताल से ले जाते समय रास्ते में महिला की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि गलत तरीके से ब्लड चढ़ाए जाने के कारण महिला की मौत हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीएमओ और क्षेत्रीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने नर्सिंग होम को सील कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
