नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘खेलो इंडिया डायलॉग—खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ कार्यक्रम के तहत युवा एथलीटों से वर्चुअली संवाद किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि “जो खेलेगा, वो खिलेगा।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों के नाम से ही उनके राज्य और शहर की पहचान होती है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल केवल मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश और समाज को पहचान दिलाने का भी माध्यम है। प्रधानमंत्री ने सभी को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर देशभर के 1,500 से अधिक शिक्षण संस्थानों में वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया गया। इसमें आईआईटी, आईआईएम, एम्स, प्रमुख मेडिकल कॉलेजों और विश्वविद्यालयों समेत कई शिक्षण संस्थानों ने हिस्सा लिया।
जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य देश के विभिन्न क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देना और जमीनी स्तर पर खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवा न केवल अपने लिए बल्कि अपने शहर, राज्य और देश के लिए भी गौरव हासिल कर सकते हैं।
