डीएम ने खखरेरू और धाता की कान्हा गौशालाओं का किया आकस्मिक निरीक्षण, 15 दिन में दोबारा जांच के आदेश
फतेहपुर, संवाददाता।
जिलाधिकारी ने बुधवार को नगर पंचायत खखरेरू एवं धाता स्थित कान्हा गौशालाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौवंशों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, रखरखाव और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। खखरेरू गौशाला में निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब मिलने और विद्युत कनेक्शन न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।
धाता स्थित कान्हा गौशाला के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौवंशों के भरण-पोषण के लिए उपलब्ध हरा चारा, भूसा, दाना, चोकर और पेयजल की व्यवस्था को देखा। इसके अलावा चाहरदीवारी, शेड, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, विजिटिंग रजिस्टर सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गौवंशों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि गौशाला में संरक्षित सभी पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। साथ ही समय से टीकाकरण कराने और शत-प्रतिशत ईयर टैगिंग सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने खखरेरू स्थित कान्हा गौशाला एवं बेसहारा पशु आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। यहां गौवंशों के लिए कराए गए इंटरलॉकिंग कार्य की गुणवत्ता की जांच की गई। निरीक्षण में इंटरलॉकिंग में इस्तेमाल की गई ईंटों की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिली। इसके साथ ही गौशाला में विद्युत कनेक्शन भी नहीं पाया गया।
खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि जब तक कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा नहीं हो जाता, तब तक अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत खखरेरू का वेतन आहरित न किया जाए। इसके साथ ही संबंधित पटल सहायक से स्पष्टीकरण लेने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि दोनों गौशालाओं का 15 दिनों के भीतर पुनः निरीक्षण किया जाए और वहां की वास्तविक स्थिति से संबंधित रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि गौशालाओं में संरक्षित गौवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी खागा, क्षेत्राधिकारी खागा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी धाता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
