चौपाल संवाद
खखरेरू (फतेहपुर)। लगातार हो रही बारिश से नगर क्षेत्र के कई वार्डों के तालाबों का पानी मुख्य रास्तों में भर गया, जिससे नगर वासियों के साथ-साथ स्कूली छात्रों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। नगर वासियों की समस्या को देखते हुए चेयरमैन ज्ञान चंद्र केशरवानी ने नगर पंचायत कर्मियों के साथ मौके का निरीक्षण कर समस्या से जूझ रहे मोहल्लों में अलग पंपिंग सेट लगवाया, जिससे पानी आबादी के बाहर रजबहे में निकाला जा रहा है। पानी निकालने से लोगों ने राहत की सांस ली।
नगर के प्रताप नगर के गढ़ही पार वा राम नगर के लोहारन मोहल्ला के तालाब लगातार बारिश की वजह से उफना गए, जिससे यहां के मुख्य मार्ग में तालाब का पानी भर गया। इन रास्तों से छात्रों को स्कूल जाने में भी असुविधा हो रही थी। चेयरमैन ने टीम के साथ पहुंचकर वार्डों की स्थिति देखी और तत्काल दो पंपिंग सेट लगवाकर तालाब के पानी को पाइप द्वारा रजबहे में निकलवाया। जहां दिनभर पंपिंग सेट चलने के बाद तालाब का पानी कम हुआ, तब लोगों को राहत मिली।
लोगों ने बताया कि यह दोनों तालाब लगभग 25 साल से नहीं खोदे गए हैं, जिस कारण से हर वर्ष बारिश में उफन जाते हैं और हम लोग परेशान होते हैं। चेयरमैन ज्ञान चंद्र केशरवानी ने बताया कि मौके पर पहुंचकर तत्काल पंपिंग सेट से पानी निकलवाया गया है। स्थाई निदान के लिए तालाब की सफाई कर नाला निर्माण करवा कर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी।
