राजधानी लखनऊ में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। नीट सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने विधानसभा घेरने का ऐलान किया है। हालांकि पुलिस ने बैरिकेडिंग करके प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसकी वजह से पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई।
यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व एमएलसी दीपक सिंह ने कहा कि यह बेहद दुखद है कि बीजेपी सरकार में देश और प्रदेश में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं। छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। सरकार ने वादा किया था रोजगार देने का, मगर पेपर लीक दे रही है। आज हमारे कांग्रेस के यूथ साथी युवाओं की आवाज उठाने के लिए विधानसभा जाने की कोशिश कर रहे थे, पुलिस ने कार्यकर्ताओं के साथ धक्का मुक्की किया और सबको जबरदस्ती हिरासत में लिया गया।
जानकारी के लिए बता दें कि लखनऊ के कांग्रेस मुख्यालय से यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत तमाम कार्यकर्ता विधानसभा घेरने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने बीच में ही बैरिकेटिंग लगाकर उन्हें रोक लिया। तब प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। पुलिस द्वारा सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया गया।
