‘संवैधानिक पद पर रहकर हामिद अंसारी का बयान उचित नहीं’

ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। ग्रेटर नोएडा के गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सनातन परंपरा, भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा सनातन धर्म में बसती है और देश की जनता अपनी ऋषि परंपरा, देवी-देवताओं, तीर्थों और विरासत पर गर्व करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन परंपरा में विचारों की स्वीकार्यता रही है। कहीं से भी अच्छे विचार आएं तो उनका स्वागत किया जाता है। उन्होंने कहा कि ‘तेरा-मेरा’ वाली संकुचित सोच रखने वाले लोग इसे नहीं समझ सकते। सनातन सबका है और इसकी परंपरा ने संकट के समय दुनिया के अलग-अलग समुदायों और संप्रदायों को शरण दी है।

हामिद अंसारी के बयान पर साधा निशाना

योगी आदित्यनाथ ने पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के एक पुराने वक्तव्य का जिक्र करते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर रहते हुए इस तरह की बात नहीं कही जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयानों से भारत की गलत छवि बनाने और ‘एंटी इंडिया’ सोच को बढ़ावा देने का काम होता है। उन्होंने कहा कि अर्धसत्य के जरिए भारत को अपमानित करने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए नारी शक्ति और मातृशक्ति के सम्मान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में ‘पहले आप’ का संस्कार रहा है। जिन लोगों को ये मर्यादाएं नहीं सिखाई गईं, उनके लिए ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को समझना मुश्किल है।

हर क्षेत्र में बेटियां बढ़ा रहीं देश का गौरव

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्राचीन काल से वर्तमान समय तक भारत में नारी शक्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। भारतीय संस्कृति और परंपरा में मातृशक्ति के सम्मान की विशेष जगह रही है।

उन्होंने कहा कि नारी गरिमा की प्रतीक है। उत्तर प्रदेश में तीन नई पीएसी महिला बटालियन का गठन किया जा रहा है। शिक्षा, अंतरिक्ष, चिकित्सा और पुलिस समेत हर क्षेत्र में बेटियों ने देश का गौरव बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपने पूर्वजों को नहीं भूलना चाहिए। इतिहास को भले ही भुलाया जा सकता है, लेकिन अपनी विरासत और योगदान को नहीं भुलाया जा सकता।

युवा शक्ति को अवसर देने की जरूरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार सभी के लिए काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब, किसान, युवा और नारी को देश की चार जातियां बताया है और सरकार इन्हीं के लिए काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसान किसी भी जाति का हो सकता है। उसे सम्मान, बाजार और शासन की योजनाओं से जुड़ने का अवसर मिलना चाहिए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं को मंच और अवसर देने की जरूरत है। युवा दुनिया के हर कार्य को संभव करके दिखा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि तीन तलाक जैसी प्रथा को समाप्त करने के साथ महिलाओं के खिलाफ होने वाले अत्याचार को भी रोकना जरूरी है। इसके लिए बेहतर संवाद के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाना होगा।

65 लाख लोगों को मिल चुका आवास

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक 65 लाख लोगों को आवास मिल चुका है। सरकार जल्द ही 12 लाख और लोगों को आवास देने जा रही है। उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस कभी देश को स्वस्थ ईंधन नहीं दे पाई। उन्होंने दावा किया कि 12 करोड़ लोगों को एलपीजी कनेक्शन दिए गए और 12 करोड़ घरों में शौचालय बनाए गए।

योगी ने कहा कि ये काम वर्ष 2014 से पहले भी हो सकते थे, लेकिन उस समय इन्हें करने की इच्छाशक्ति नहीं थी।