अंडर-14 बास्केटबॉल में प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान हासिल कर बढ़ाया जनपद का गौरव

फतेहपुर। जनपद फतेहपुर की प्रतिभाशाली बेटियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और शानदार खेल कौशल के दम पर प्रदेश स्तर पर जनपद का नाम रोशन किया है। मंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रयागराज मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, ऐराया एवं विजयीपुर की बालिकाओं ने प्रदेश स्तरीय अंडर-14 बास्केटबॉल प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया।

प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम, गोरखपुर में किया गया। प्रतियोगिता में फतेहपुर की बालिकाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जनपद में हर्ष और गौरव का माहौल है।

ऐराया की प्रतिभाशाली खिलाड़ी

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, ऐराया की टीम में शिवानी, मोनिका, जया, रुचि, मेनका, आरोही, पायल, शालिनी, रुचि (द्वितीय) एवं रंजना ने प्रतिभाग किया। टीम की खेल अध्यापिका श्रीमती सरोज देवी ने बालिकाओं का मार्गदर्शन किया।

विजयीपुर की खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, विजयीपुर की ओर से खुशी कुमारी, दीपिका, रौशनी, मुस्कान, महिमा, रजनी, राजवती एवं लक्ष्मी ने शानदार खेल प्रदर्शन किया। टीम के खेल शिक्षक श्री भूपेंद्र सिंह ने बालिकाओं को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।

पुरस्कार एवं ट्रॉफी से सम्मान

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज, गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल करने वाली फतेहपुर की इन बेटियों का सम्मान पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय रहा।

खागा रेलवे स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत

बालिकाओं के जनपद लौटने पर खागा रेलवे स्टेशन पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं शिक्षकों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। बालिकाओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा धूप-दीप से आरती उतारकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान बालिकाओं के चेहरों पर अपनी उपलब्धि की खुशी साफ दिखाई दे रही थी।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती प्रिन्सी मौर्या के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय श्री नरेन्द्र सिंह, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी (समग्र शिक्षा) श्री दीपक कुमार पाण्डेय, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा श्रीमती शीलू त्रिपाठी, जिला समन्वयक प्रशिक्षण श्री अशोक त्रिपाठी, ऐराया की खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती रत्नामणि मिश्रा एवं विजयीपुर के खंड शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश श्रीवास्तव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

बालिकाओं के उत्साहवर्धन में राज्य संसाधन समूह सदस्य श्री जयचन्द्र पाण्डेय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के लेखाकार श्री संजय पाण्डेय एवं श्री अर्पित त्रिपाठी, एआरपी श्री आकाश कुमार सिंह, श्रीमती रंजना सिंह, श्रीमती आरती मिश्रा, श्रीमती शकुंतला एवं श्रीमती वंदना श्रीवास्तव सहित लगभग डेढ़ दर्जन शिक्षकों ने सहभागिता की।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, विजयीपुर की वार्डन रेखा शुक्ला एवं ऐराया की वार्डन मंजू यादव ने भी बच्चियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।

अधिकारियों एवं शिक्षकों ने बालिकाओं को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता फतेहपुर की बेटियों की प्रतिभा, परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रमाण है। उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर बेटियां खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं।

प्रदेश स्तरीय मंच पर फतेहपुर की बेटियों द्वारा हासिल किया गया यह तृतीय स्थान निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ी की बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।