भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बनी सहमति, भारतीय उत्पादों को मिलेगी प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले प्राथमिकता : पीयूष गोयल

नई दिल्ली । भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को लेकर एक अहम सहमति बनी है। इसके तहत अब अमेरिकी बाजार में भारतीय सामानों को दूसरे प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले तरजीह मिलने की उम्मीद है। भारतीय उत्पादों पर उन देशों की तुलना में कम आयात शुल्क लगाया जाएगा। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को मिस्र की राजधानी काहिरा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी।

पीयूष गोयल ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच कुछ महीने पहले ही इस मुद्दे पर सहमति बन गई थी। दोनों नेताओं ने व्यापक व्यापार समझौते की रूपरेखा पर सहमति बनने का ऐलान भी किया था। गोयल के मुताबिक, इस समझौते में यह तय हुआ था कि भारत को अमेरिकी बाजार में अपने प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कम शुल्क के साथ व्यापार करने का अवसर मिलेगा।

भारत और अमेरिका ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया था। इस पर पहले ही हस्ताक्षर होने की उम्मीद थी, लेकिन अमेरिका की टैरिफ नीति में बदलाव के चलते बातचीत आगे बढ़ानी पड़ी।

हाल ही में एक अधिकारी ने भी बताया था कि अमेरिका ने प्रस्तावित व्यापार समझौते के तहत भारत को दूसरे प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले टैरिफ में फायदा देने का भरोसा दिया है। दोनों देश चालू वित्त वर्ष के अंत तक समझौते के पहले चरण को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं।

अधिकारी के मुताबिक, अभी यह देखना होगा कि अमेरिका अपना नया टैरिफ ढांचा किस तरह तैयार करता है। पहले चरण के साथ-साथ व्यापक व्यापार समझौते पर भी बातचीत जारी है। भारतीय सामानों को वास्तव में कितना फायदा मिलेगा, यह अंतिम रूप से तय होने वाली टैरिफ व्यवस्था पर निर्भर करेगा।

दरअसल, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति ट्रंप के पारस्परिक शुल्क (रेसिप्रोकल टैरिफ) को रद्द कर दिया है। यही शुल्क भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता का एक प्रमुख आधार था। इसके बाद अमेरिका ट्रेड एक्ट के प्रावधानों के तहत नए टैरिफ ढांचे के विकल्प तलाश रहा है।

पीयूष गोयल इन दिनों भारत और मिस्र के बीच व्यापार तथा निवेश बढ़ाने के उद्देश्य से दो दिवसीय दौरे पर काहिरा में हैं। उन्होंने कहा कि भारत और मिस्र की अर्थव्यवस्थाएं एक-दूसरे की प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि पूरक हैं। मिस्र की कई जरूरतें भारत पूरी कर सकता है, जबकि भारत भी मिस्र से कई आवश्यक वस्तुएं आयात कर सकता है। सेवा क्षेत्र में भी दोनों देश मिलकर कारोबार बढ़ा सकते हैं।

गोयल के मुताबिक, दोनों देशों के बीच स्टार्टअप, शोध और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है।

उन्होंने कहा कि भारत के लिए अफ्रीका बेहद महत्वपूर्ण साझेदार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वर्ष 2023 में जी-20 की मेजबानी की थी। इसी दौरान अफ्रीकी संघ को जी-20 का सदस्य बनाया गया, जिसकी अफ्रीकी देशों ने सराहना की।

गोयल ने कहा कि अफ्रीका के साथ भारत के रिश्ते मजबूत करने में मिस्र की भूमिका बेहद अहम है। मिस्र अफ्रीका तक पहुंचने के लिए भारत का प्रवेश द्वार बन सकता है। दोनों देशों के मंत्रियों, सरकारों और कारोबारी जगत के बीच बढ़ता संपर्क इस रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।