नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नबीन सहित विभिन्न नेताओं ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, नितिन नबीन और दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा समेत तमाम नेता आज अटल बिहारी वाजपेयी के स्मृतिस्थल ‘सदैव अटल’ पहुंचे और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर ‘सदैव अटल’ स्मृतिस्थल पर प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का निधन 16 अगस्त 2018 को हुआ था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाजपेयी की पुण्यतिथि के मौके पर उन्हें एक ‘असाधारण राजनेता’ बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अद्भुत दूरदर्शिता वाले एक असाधारण राजनेता के तौर पर उन्होंने अपना जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया। उनके विचारों और प्रयासों ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया और उनके नेतृत्व ने हमारे देश को मजबूत बनाया। सुशासन और जन-कल्याण पर उनका जोर हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा, “श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें कोटि-कोटि नमन और विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

