2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन, बूथ कमेटियों को मजबूत करने पर जोर

आज का चौपाल | जिला संवाददाता, फतेहपुर

फतेहपुर। बहुजन समाज पार्टी की ओर से 26 अक्टूबर को हुसेनगंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम लालीपुर में संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बसपा के जिलाध्यक्ष वीर प्रकाश लोधी एडवोकेट ने की। इसमें पार्टी संगठन को मजबूत बनाने, सेक्टर एवं बूथ कमेटियों की समीक्षा करने तथा आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष वीर प्रकाश लोधी एडवोकेट ने कहा कि वर्ष 1996 में जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर बहुजन समाज पार्टी ने जीत हासिल की थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत बनाने और पूरी निष्ठा एवं मेहनत के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की सरकार बनने पर कानून का राज स्थापित करने, सभी वर्गों के लोगों को शांति एवं खुशहाली का वातावरण उपलब्ध कराने, बेरोजगारी दूर करने और बैकलॉग भर्तियों को पूरा करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री बहन कुमारी मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार में जुटने की अपील की।

बैठक के मुख्य अतिथि, पूर्व एमएलसी एवं प्रयागराज मंडल के मुख्य मंडल जोन प्रभारी नौशाद अली ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सेक्टर और बूथ कमेटियों को मजबूत बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन का विस्तार करने की अपील की। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आम जनता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना चाहिए।

बैठक में जिला उपाध्यक्ष महेश मिश्रा, विवेक कुमार माधुरे, मंडल प्रभारी गौतम राव, विधानसभा प्रभारीगण, विधानसभा अध्यक्ष गुलशन गौतम, नीरज गौतम, फतेहपुर नगर अध्यक्ष गाज़ी अब्दुर रहमान गनी, श्यामलाल मास्टर, रोशन गौतम, दयाराम गौतम, महेंद्र गौतम, विवेक राज गौतम सहित सेक्टर एवं बूथ स्तर के पदाधिकारी, बीवीएफ के जवान तथा बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के अंत में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, बूथ कमेटियों को सक्रिय बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का संकल्प लिया गया।