प्रतिमा पर माल्यार्पण कर निर्भीक पत्रकारिता के आदर्शों को किया याद

आज का चौपाल | जिला संवाददाता, फतेहपुर

फतेहपुर। अमर शहीद एवं महान पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर जिला पत्रकार संघ (रजि.) की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सिविल लाइन स्थित विद्यार्थी जी की प्रतिमा पर पत्रकारों ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट स्थित मीडिया जनसंपर्क केंद्र में विचार गोष्ठी आयोजित कर उनके जीवन, संघर्ष और पत्रकारिता के आदर्शों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पत्रकार संघ (रजि.) के अध्यक्ष शैलेंद्र शरण सिम्पल ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी का जीवन पत्रकारिता जगत के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और जनहित के मुद्दों पर निर्भीकता से अपनी बात रखने का प्रयास करना चाहिए।

गोष्ठी में आखिरी आंसू के संपादक विवेक श्रीवास्तव ने गणेश शंकर विद्यार्थी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके संघर्ष, साहस और सामाजिक सरोकारों को याद किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जी ने अपनी लेखनी के माध्यम से अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और पत्रकारिता को जनसेवा का माध्यम बनाया। उनके विचार आज भी पत्रकारों को निष्पक्षता, निर्भीकता और जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने विद्यार्थी जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रस्तुत करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और जनसमस्याओं को जिम्मेदार लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व भी है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार, मनभावन अवस्थी, मोहम्मद शाहिद, धीरू श्रीवास्तव, जतिन द्विवेदी, बबलू मौर्य, दीपू मौर्य, सुनील मौर्य, पंकज मौर्य, रामबाबू चतुर्वेदी, परमानंद पांडेय, उमेश मौर्य, सुनील गुप्ता, मुकेश कुमार, कुलदीप केसरवानी, बबलू सिंह, सत्येंद्र सिंह, धीरेंद्र कुमार, जगन्नाथ प्रजापति, शिवबरन, मोहम्मद इरफान, रमेश यादव, संजय सिंह और सुरेंद्र पाठक सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।