महोबा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महिला संगठन गुलाबी गैंग ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस यात्रा के माध्यम से समाज को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का सशक्त संदेश दिया गया। यात्रा की अगुवाई गुलाबी गैंग की बुंदेलखंड कमांडर फरीदा बेगम ने की।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में गुलाबी साड़ी पहने महिलाएं हाथों में तिरंगा थामे शामिल हुईं। महिलाएं ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रही थीं। यह यात्रा महोबा के मिलकिपुरा मोहल्ले से शुरू हुई।
शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यात्रा ऊदल चौक, मुख्य बाजार और तहसील चौराहा मार्ग से गुजरी। इसके बाद यात्रा आल्हा चौक पहुंची, जहां सभा के साथ इसका समापन हुआ। डीजे पर बज रहे देशभक्ति के गीतों ने माहौल को और जोशीला बना दिया।
गुलाबी गैंग की इस तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य आजादी का जश्न मनाने के साथ-साथ आम जनमानस को देशभक्ति का संदेश देना था। यात्रा के जरिए लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।
