कानपुर के गंगा बैराज इलाके का शंकरपुर सराय क्षेत्र इस वक्त बढ़े हुए पानी से परेशान है। चार दिन पहले बंधा टूट जाने से इलाके में अचानक पानी भर गया। अब बच्चों को कंधे पर बैठाकर स्कूल भेजा जा रहा है। इसी इलाके में रविवार की सुबह 10 साल के एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई।

नीता बताती हैं कि यह पानी पास में बंधा टूटने की वजह से आया है। रात में यह बंधा टूटा और फिर पानी अचानक से बढ़ने लगा। हम रात में ही दूसरी जगह चले गए। यहाँ से 17-18 परिवार छोड़कर दूसरी जगह चले गए हैं। जब प्रशासन से पानी निकालने की व्यवस्था के बारे में पूछा गया, तो जवाब मिला कि पानी निकालने की कोई व्यवस्था नहीं है, यह सूखने पर ही खत्म होगा।

वहीं, शशिकला कहती हैं कि पानी बढ़ने की वजह से यहां सांप-बिच्छू निकल रहे हैं। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे, और कई लोग अपनी ड्यूटी तक नहीं जा पा रहे हैं। दिक्कतें काफी बढ़ गई हैं। दिव्या सिंह कहती हैं कि संडे की रात जब हम सोए तो बहुत कम पानी था, लेकिन जब उठे तो चारों तरफ पानी ही पानी दिख रहा था। घरों की दीवारों पर सांप-बिच्छू चढ़ रहे हैं। अब हम लोग खिड़की तक खोलने से डर रहे हैं।

उमा तिवारी बताती हैं कि यहां पहले कभी बाढ़ का पानी नहीं आया। यह सब बंधा कटने के बाद हुआ है। बारिश के बाद थोड़ा पानी जरूर जमा हो जाता था, लेकिन वह जल्दी ही निकल जाता था। जब पानी बढ़ा, तो प्रशासन को सूचित किया गया। यहां से भी 200-250 लोग दूसरी जगह चले गए हैं।

मनोज कटियार बताते हैं कि मछली पकड़ने वालों ने बंधा काट दिया था, जिससे पानी का बहाव तेज हो गया और यह लगातार बढ़ता चला गया। कुछ लोग इसके लिए पकड़े भी गए हैं। हालांकि, पहले यहां कभी पानी नहीं आया था। जिनका घर डूबा है, उन्हें काफी दिक्कत हो रही है, लेकिन उम्मीद है कि धीरे-धीरे स्थिति ठीक हो जाएगी।