अनधिकृत कॉलोनी, श्रमिक, दुकानदार… दिल्ली में बीजेपी का नया संकल्प पत्र जारी
नई दिल्ली (एजेंसी)। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपना संकल्प पत्र नई दिल्ली में जारी किया। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की कि दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों में निर्माण, खरीद-फरोख्त और बिक्री की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया दिल्ली के नियमों के अनुसार होगी और कॉलोनियों में कानूनी निर्माण और संपत्ति हस्तांतरण का अधिकार मिलेगा।
अमित शाह ने कहा कि 13,000 सील दुकानों के लिए एक न्यायिक प्राधिकरण का गठन किया गया है। इस प्राधिकरण के माध्यम से छह महीने के भीतर सील हुई दुकानों को खोलने का कानूनी समाधान निकाला जाएगा।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां भाजपा को जनता ने समर्थन दिया है, वहां डबल इंजन सरकार ने राज्य का समग्र विकास किया है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने यह विश्वास किया है कि लोकतांत्रिक ढांचे को बनाए रखते हुए समावेशी विकास संभव है।
अमित शाह ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उन्होंने काम नहीं करने के बहाने ढूंढने का नया तरीका अपनाया है। शाह ने सवाल उठाया कि जब केजरीवाल ने चुनाव लड़ा, तो क्या उन्हें दिल्ली के विशेष राज्य के दर्जे का ज्ञान नहीं था? उन्होंने कहा कि वादों को पूरा करने में नाकाम केजरीवाल केवल बहाने बनाते हैं।
अमित शाह ने यमुना नदी की सफाई पर केजरीवाल द्वारा किए गए वादे की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने वादा किया था कि यमुना को शुद्ध करेंगे और उसमें डुबकी लगाएंगे। शाह ने कटाक्ष करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता अभी भी उनकी उस “डुबकी” का इंतजार कर रही है।
शाह ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने कहा था कि उनकी सरकार का कोई मंत्री सरकारी बंगला नहीं लेगा। लेकिन उन्होंने न केवल बंगला लिया, बल्कि 51 करोड़ रुपये खर्च करके चार बंगलों को मिलाकर एक आलीशान “शीश महल” बना दिया।
अमित शाह ने कहा कि केजरीवाल झूठे वादे करते हैं, उन्हें पूरा नहीं करते और फिर नए झूठ के साथ जनता के सामने आते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने इतनी “सफाई” से झूठ बोलने वाला व्यक्ति नहीं देखा।