नई दिल्ली (एजेंसी)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी और कांग्रेस से माफी की मांग की।

जेपी नड्डा ने एक्स पर लिखा,
“मैं और हर भाजपा कार्यकर्ता सोनिया गांधी द्वारा भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी के लिए ‘बेचारी’ शब्द के प्रयोग की कड़ी निंदा करते हैं। ऐसे शब्दों का जानबूझकर इस्तेमाल कांग्रेस पार्टी की अभिजात्यवादी, गरीब-विरोधी और आदिवासी-विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।”

बीजेपी की तीखी प्रतिक्रिया
  • जेपी नड्डा ने कांग्रेस से राष्ट्रपति और आदिवासी समुदायों से बिना शर्त माफी मांगने की अपील की।
  • उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी द्वारा ‘बेचारी’ शब्द का उपयोग राष्ट्रपति पद की गरिमा का अपमान है।
  • बीजेपी ने कांग्रेस पर आदिवासी और गरीब विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया।
सोनिया गांधी ने क्या कहा?

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद शुक्रवार को कहा कि,
“अंत तक राष्ट्रपति बहुत थक गई थीं… वह मुश्किल से बोल पा रही थीं, बेचारी।”

राष्ट्रपति मुर्मू के अभिभाषण का मुख्य बिंदु
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बजट सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों को संबोधित किया
  • उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के तीसरे कार्यकाल में विकास की गति तीन गुना तेज हो गई है।
  • ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ और वक्फ (संशोधन) विधेयक जैसे कानूनों पर तेजी से काम किया जा रहा है।
बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा

जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि विपक्ष पीएम मोदी के नेतृत्व में महिलाओं और पिछड़े वर्गों के सशक्तिकरण का मजाक उड़ा रहा है
भाजपा ने कहा कि सोनिया गांधी की टिप्पणी कांग्रेस की सामंती मानसिकता को उजागर करती है और यह राष्ट्रपति पद का अपमान है।