फतेहपुर। अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद एवं भारतीय दोसर वैश्य समाज द्वारा संयुक्त रूप से संरक्षक स्वर्गीय ममता गुप्ता की प्रथम पुण्यतिथि चित्रांश नगर स्थित बिरसा मुंडा सरस्वती संस्कार विद्यालय में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री परिवार द्वारा हवन पूजन के साथ हुआ। विद्यालय के बच्चों ने प्रार्थना की, और इस अवसर पर बच्चों के मध्य विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

सुलेख कला, सामान्य ज्ञान, और गीत प्रतियोगिता में बच्चों ने बड़े उत्साह से भाग लिया। सुलेख प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्रेया को, द्वितीय स्थान अभिषेक को, और तृतीय स्थान श्रद्धा को मिला। गीत प्रतियोगिता में शशि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में राधिका और कुणाल विजेता बने। सभी बच्चों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार दिए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

गायत्री परिवार के गिरधारी लाल गुप्त ने स्वर्गीय ममता गुप्ता के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ममता का जीवन सामाजिक चिंतन के प्रति समर्पित रहा है। उन्होंने संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए कार्यकर्ताओं के साथ सामंजस्य स्थापित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उनका असमय निधन अत्यंत कष्टकारी है।

अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के जिलाध्यक्ष अरुण जायसवाल ने कहा कि परिषद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव की पत्नी स्वर्गीय ममता गुप्ता हम सभी के लिए आदर्श थीं। उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर हम उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हैं। उनकी स्मृति में विद्यालय प्रांगण में संगठन के पदाधिकारियों द्वारा पांच पौधे रोपित किए गए।

इस अवसर पर गायत्री परिवार से आशा लक्ष्मी, रामस्वरूप गुप्त, व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य नरेंद्र गुप्ता, मनीष गुप्ता, नारायण बाबू गुप्ता, राजीव पोरवाल, नैंसी, आशीष गुप्ता, दीक्षा, नितीश गुप्ता, राम प्रकाश गुप्ता, संवि गुप्ता, और राजकुमारी आदि उपस्थित रहे।