नई दिल्ली । कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं।

राहुल गांधी ने मंगलवार को अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के बीच बातचीत के दौरान कहा कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की कमजोरियों और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की खराब स्थिति को देश की बड़ी समस्याएं बताया।

उनके इस बयान पर भाजपा ने पलटवार किया। भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश की धरती पर भारत की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

कोलंबिया यूनिवर्सिटी में आयोजित बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि भारत इस समय आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है और शिक्षा व्यवस्था में भी गहरी समस्याएं हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया इन मुद्दों को नजरअंदाज कर सकता है, लेकिन इससे वास्तविकता नहीं बदलती।

राहुल गांधी ने अर्थव्यवस्था में छोटे और मझोले कारोबारों तथा कृषि की भूमिका को अहम बताया। उन्होंने कहा कि ये दोनों क्षेत्र रोजगार पैदा करने की रीढ़ हैं। देश के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को दोबारा मजबूत करने की जरूरत है।

राहुल गांधी ने कहा कि छोटे और मझोले कारोबार देश में रोजगार पैदा करने का बड़ा जरिया हैं। कृषि भी अर्थव्यवस्था की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि केवल सर्विस सेक्टर के दम पर सभी लोगों को रोजगार नहीं दिया जा सकता। देश में मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र को फिर से खड़ा करना होगा।

राहुल गांधी ने निजी निवेश की कमी पर भी सवाल उठाया। उनका आरोप है कि गौतम अडाणी और मुकेश अंबानी जैसे कुछ बड़े कारोबारी समूह आगे बढ़ रहे हैं, जबकि छोटे कारोबार संघर्ष कर रहे हैं।