नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकी लतीफ भट के मारे जाने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षाबलों की सराहना की। उन्होंने इसे विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल का परिणाम बताया।
भाजपा नेता रविंदर रैना के मुताबिक, लतीफ ने आत्मसमर्पण नहीं किया और भागने की कोशिश के दौरान मारा गया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकी लतीफ भट के मारे जाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि बुधवार तड़के चलाए गए अभियान में सुरक्षाबलों ने लतीफ भट को मार गिराया। वहीं, उसका एक आतंकी सहयोगी उमर निसार भी इससे एक दिन पहले कुलगाम में मारा गया था।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि इस पूरे अभियान को जम्मू-कश्मीर पुलिस (जेकेपी), भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और खुफिया एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से अंजाम दिया गया।
गृह मंत्री ने कहा कि इस अभियान की सफलता सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।
क्या बोले भाजपा नेता?
आतंकी लतीफ भट के मारे जाने के बाद भाजपा नेता रविंदर रैना ने कहा, “हमारे जवानों ने लश्कर-ए-तैयबा के कुख्यात आतंकी लतीफ भट को मार गिराकर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है।”
उन्होंने जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करते हुए कहा कि देश उनके साहस को नमन करता है।

