एनसीपी के दोनों गुटों के विलय को लेकर महाराष्ट्र में सियासी बयानबाजी तेज, मुख्यमंत्री पर राजनीतिक हस्तक्षेप का आरोप
मुंबई । महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के विलय को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों गुटों के विलय को लेकर उनका बयान सत्ता के अहंकार को दर्शाता है।
रोहित पवार ने कहा कि भाजपा और उसके नेताओं की राजनीति ब्लैकमेल पर आधारित रही है। ऐसे में उन्हें एनसीपी के दोनों गुटों को एक करने के मुद्दे पर टिप्पणी करने से बचना चाहिए।
दरअसल, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा था कि एनसीपी के दोनों गुटों के विलय को लेकर चल रही अटकलों पर केवल शरद पवार और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ही स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं। दोनों नेता अपनी-अपनी पार्टी के प्रमुख हैं।
फडणवीस ने यह भी कहा था कि भाजपा से सलाह लिए बिना दोनों गुटों का विलय संभव नहीं है, क्योंकि भाजपा सत्तारूढ़ गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी है और उसका नेतृत्व भी करती है।
सोशल मीडिया पर दी प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री के बयान पर रोहित पवार ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने फडणवीस के रुख पर सवाल उठाते हुए इसे सत्ता का अहंकार बताया।
एनसीपी के दोनों गुटों के बीच संभावित विलय को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चाएं जारी हैं। इस मुद्दे पर नेताओं के बयानों से राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।
