लखनऊ, संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान दिवस के अवसर पर सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संविधान के नाम पर भ्रम फैलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिकों में निहित है। संविधान ने प्रत्येक भारतीय को यह अधिकार और दायित्व दिया है कि वह देश का वास्तविक संरक्षक बने। कोई व्यक्ति या परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि उसके कारण भारत का अस्तित्व है या वही भारत का संरक्षक है। भारत का हर नागरिक संविधान की गरिमा और लोकतंत्र की रक्षा के लिए उत्तरदायी है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान हम सभी का गौरव और 145 करोड़ भारतवासियों का मार्गदर्शक है। यह हमें अधिकारों का स्मरण कराने के साथ-साथ कर्तव्यों का बोध भी कराता है और देश के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के उस विचार को ध्यान में रखा था कि भारत का राजनीतिक भाग्य भारतवासी स्वयं तय करेंगे। इसी भावना के साथ संविधान निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। संविधान लागू होने के पहले दिन से ही बिना किसी जाति, क्षेत्र, भाषा और लैंगिक भेदभाव के प्रत्येक वयस्क भारतीय को मताधिकार प्रदान किया गया।
उन्होंने कहा कि दुनिया के कई ऐसे देश, जो स्वयं को लोकतंत्र का बड़ा समर्थक बताते हैं, वहां लंबे समय तक रंगभेद और लिंगभेद के आधार पर नागरिकों को समान अधिकारों से वंचित रखा गया। लेकिन भारत ने संविधान लागू होने के पहले दिन से ही प्रत्येक वयस्क नागरिक को मतदान का अधिकार दिया।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कुछ लोग भ्रम की स्थिति पैदा कर लाल किताब लेकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। यदि उन्होंने संविधान की प्रति पढ़ी होती तो शायद भारत की संप्रभुता का संरक्षक होने का दावा करने का दुस्साहस नहीं करते।
उन्होंने कहा कि जब इन लोगों को अवसर मिला था, तब इन्होंने संविधान का गला घोंटने का प्रयास किया। आजादी के तत्काल बाद पहला संविधान संशोधन प्रेस की आजादी पर अंकुश लगाने के लिए किया गया। समय-समय पर अपने स्वार्थ के लिए संविधान में संशोधन किए गए।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने केवल संविधान ही नहीं, बल्कि देश की संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को भी कठघरे में खड़ा करने का प्रयास किया। भारत पर लगातार आरोप लगाए गए और लोकतंत्र को कमजोर करने के षड्यंत्र किए गए।
