नयी दिल्ली, एजेंसी। लोकसभा में आज भारत छोड़ो आंदोलन की स्मृति में आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सदस्यों को इस बारे में जानकारी दी और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में मौन रखा।

उन्होंने कहा, “आज पूरा देश भारत छोड़ो आंदोलन की 82वीं वर्षगांठ मना रहा है। आज ही के दिन 1942 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने पूरे देश को एकजुट होने का आह्वान करते हुए ‘करो या मरो’ का मंत्र दिया था और अंग्रेजों को भारत छोड़ने का नारा दिया था। इस आंदोलन में युवा, महिलाएं और पूरे देश ने एकजुट होकर भागीदारी की थी और ब्रिटिश सरकार की शक्तियों के खिलाफ स्वतंत्रता सेनानियों की एकजुटता का परिचय दिया था। जिन आदर्शों और मूल्यों के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना बलिदान दिया, उनके प्रति सदन सम्मान व्यक्त करता है।”