खाद्य विभाग की टीम ने चकिया गांव में की छापेमारी, चार नमूने लिए

आज का चौपाल संवाददाता

फतेहपुर। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मंगलवार, 6 अक्टूबर को ग्राम चकिया, थाना खखरेरू स्थित गुड़ निर्माण इकाई पर छापेमारी कर कार्रवाई की। इकाई का संचालन बृजेश केसरवानी द्वारा किया जा रहा था।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-II वी.एस. कुशवाहा ने बताया कि जांच के दौरान गुड़ तथा गुड़ में मिलाए जाने वाले अपमिश्रकों के कुल चार नमूने लिए गए। टीम ने मौके पर लगभग 1,500 किलोग्राम गुड़ सीज किया। बाद में जेसीबी की सहायता से गड्ढा खुदवाकर सीज किए गए गुड़ को नष्ट कराया गया।

जांच के दौरान खाद्य विभाग की टीम को निर्माण प्रक्रिया में अनियमितता मिली। विभाग के अनुसार, इकाई में गन्ने के रस से गुड़ तैयार करने के बजाय खराब गुणवत्ता वाले सड़े एवं रंगीन गुड़ तथा शक्कर का इस्तेमाल किया जा रहा था। खाद्य विभाग ने मौके पर तैयार किए गए उत्पाद की गुणवत्ता को लेकर कार्रवाई की।

अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और खराब गुणवत्ता वाले उत्पादों के निर्माण एवं बिक्री को रोकने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी धीरज कुमार दीक्षित, देवेश मिश्रा एवं दिनेश चन्द्र मौजूद रहे। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।