युवती का आरोप—शादी के बाद कारोबार के नाम पर लिए रुपये, अब बैंक की किस्तें चुकाने का दबाव

कानपुर, संवाददाता।
अनवरगंज थाना क्षेत्र में थाईलैंड निवासी एक 25 वर्षीय युवती ने चमड़ा कारोबारी पर शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने और करीब 60 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। युवती का यह भी आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर उस पर भारत आकर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया। शिकायत के बाद पुलिस ने अनवरगंज निवासी कारोबारी मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, थाईलैंड निवासी युवती अपसारोन की करीब चार वर्ष पहले सोशल मीडिया के माध्यम से लाटूश रोड निवासी मोहम्मद इरफान से दोस्ती हुई थी। युवती का आरोप है कि इरफान व्यापार के सिलसिले में थाईलैंड जाता था और इस दौरान वह उसके घर भी ठहरता था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों सहमति से साथ रहने लगे।

युवती के मुताबिक, करीब दो वर्ष पहले इरफान ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा। आरोप है कि उस समय उसने यह जानकारी नहीं दी कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। करीब डेढ़ वर्ष पहले दोनों ने थाईलैंड की रीति-रिवाज के अनुसार शादी कर ली। इसके बाद इरफान कथित तौर पर कारोबार के नाम पर उससे रुपये मांगने लगा।

युवती का दावा है कि सात-आठ महीने के भीतर उसने इरफान को करीब 20 लाख थाई बात दिए, जिनकी भारतीय मुद्रा में कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई गई है। कुछ दिन पहले उसे जानकारी हुई कि इरफान पहले से शादीशुदा है। इसके बाद उसने अपने रुपये वापस मांगने शुरू किए।

अपसारोन का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर इरफान ने भारत आने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। युवती ने पुलिस को बताया कि जब उसने विरोध किया तो इरफान ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और फोन काटने लगा। बाद में संदेशों के माध्यम से भी कथित तौर पर उसे धमकाया गया।

रुपये वापस लेने के लिए थाईलैंड से कानपुर पहुंची युवती पिछले दो दिनों से पुलिस अधिकारियों और थाने के चक्कर लगा रही थी। मंगलवार को वह एडीसीपी ईस्ट शिवा सिंह के कार्यालय पहुंची और पूरे मामले की जानकारी दी। पूछताछ के दौरान युवती भावुक हो गई और आरोप लगाया कि कारोबारी ने उसका भरोसा तोड़ने के साथ-साथ उसका कारोबार भी प्रभावित कर दिया। उसके मुताबिक, उसने बैंक से कर्ज लेकर इरफान को रुपये दिए थे और अब उसे बैंक की किस्तें चुकानी पड़ रही हैं।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की। इसके बाद मोहम्मद इरफान को अनवरगंज थाने लाया गया। पुलिस के मुताबिक, थाने पहुंचने के बाद आरोपी ने अपना चेहरा कपड़े से ढक लिया और रोते हुए हवालात तक पहुंचा। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उससे पूरे मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली जा रही है।

एसीपी अनवरगंज मंजय सिंह के मुताबिक, मामला अनवरगंज थाना क्षेत्र से संबंधित होने के कारण जांच थाने की पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि युवती ने किन-किन बैंकों से कितनी रकम लेकर आरोपी को दी और दोनों के बीच विवाह से संबंधित दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्य क्या हैं।

युवती का कहना है कि उसने इरफान पर भरोसा करके बड़ी रकम दी थी और अब वह अपनी रकम वापस चाहती है। पुलिस मामले में उपलब्ध दस्तावेजों, बैंक लेन-देन और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।